जुनैद पारेख की रिपोर्ट जिला कोंडागांव

कृषि एवं निर्यात संवर्धन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

कोण्डागांव, 21 फरवरी 2026 जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई के मार्गदर्शन में ‘उड़ान’ महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, चिखलपुटी में कृषि एवं निर्यात संवर्धन पर एक दिवसीय कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में APEDA, रायपुर के एसोसिएट अशोक कुमार बोरा तथा जिला मिशन प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) विनय सिंह की उपस्थिति रही।कार्यशाला का उद्देश्य जिले में कृषि उत्पादों एवं लघु वनोपज के प्रसंस्करण, उत्पादन तथा निर्यात क्षमता को बढ़ावा देना था। प्रशिक्षण में जिले के पांचों विकासखंडों से कृषि सखी एवं पशु सखी शामिल हुईं। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को विभिन्न फसलों की वैज्ञानिक खेती, मौसम के अनुसार फसल चयन, उत्पादन वृद्धि के उपाय तथा व्यापारिक स्तर पर क्रय-विक्रय की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान सब्जी उत्पादन, मिर्च, टमाटर सहित अन्य उद्यानिकी फसलें, वनोपज, इमली, टोरा, महुआ, चिरौंजी, फल एवं फूलों के प्रसंस्करण और निर्यात से जुड़ी संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग, विपणन और निर्यात मानकों की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों को आत्मनिर्भर बनाते हुए कृषि आधारित आजीविका गतिविधियों से उनकी आय में वृद्धि करना तथा जिले को निर्यात क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों एवं बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने की प्रेरणा मिली।


