जुनैद पारेख की रिपोर्ट जिला कोंडागांव

पत्रकारिता की आड़ में भय दिखाकर अवैध वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कार, मोबाइल एवं नगद राशि जब्त
कोंडागांव:- कोण्डागांव पुलिस ने पत्रकारिता की आड़ लेकर लोगों को भयभीत कर कथित अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, एक मोबाइल फोन एवं 30 हजार रुपये नगद सहित कुल 6 लाख 40 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि, थाना कोण्डागांव क्षेत्र के जामपदर पारा निवासी प्रार्थी तिमिर प्रकाश पटेल द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि दो व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताकर उनकी बीज भंडार दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान की फोटो एवं वीडियो बनाकर समाचार प्रकाशित करने, बदनाम करने तथा जेल भिजवाने की धमकी देते हुए 30 हजार रुपये की वसूली की। शिकायत के आधार पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 213/2026, धारा 308(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय पंकज चंद्रा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपी कार्तिकेश्वर कश्यप (उम्र 43 वर्ष, निवासी मावलीगुड़ा, थाना बस्तर) एवं विशाल सोनी (उम्र 29 वर्ष, निवासी करेकोटपारा, पण्डरीपानी, थाना परपा, जिला बस्तर) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वयं को पत्रकार बताकर लोगों को समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने का भय दिखाते हुए रुपये वसूलने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से एक डिजायर कार क्रमांक CG 17 LC 6661, एक मोबाइल फोन तथा 30,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 6 लाख 40 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उपनिरीक्षक राजकुमार कोमरा, तथा साइबर सेल का विशेष योगदान रहा।


