जुनैद पारेख की रिपोर्ट जिला कांकेर

अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन

विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 55 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान। रक्तदाताओं को हेलमेट प्रदान कर किया गया सम्मानित एवं यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर दिनांक 15.06.2026 को अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में नगर अंतागढ़ स्थित सामुदायिक भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आयोजित रक्तदान शिविर में नगर अंतागढ़ सहित संपूर्ण अनुविभाग क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 55 लोगों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराना, लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा समाज में मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देना था। उपस्थित नागरिकों को रक्तदान के महत्व, इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों एवं रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।इस अवसर पर अंतागढ़ पुलिस द्वारा विशेष यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया। इसके साथ ही वाहन चलाते समय वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में नागरिकों की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।रक्तदान जैसे सामाजिक एवं मानवीय कार्य में योगदान देने वाले सभी 55 रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने हेतु अंतागढ़ पुलिस एवं लाइफ सेवर्स ग्रुप द्वारा रक्तदान उपरांत हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। हेलमेट वितरण का उद्देश्य रक्तदाताओं को सम्मानित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करना रहा। अंतागढ़ पुलिस द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों, जनजागरूकता अभियानों एवं सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों का आयोजन कर नागरिकों को जनहित के विषयों से जोड़ने एवं समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।


