धर्मेंद्र गावड़े रिपोर्टर केशकाल
केशकाल नगर पंचायत में जनमत का अपमान, सत्ता के लिए विश्वासघात- अमीन मेमन प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटीअल्पसंख्यक विभाग

केशकाल: नगर पंचायत केशकाल की जनता द्वारा निर्दलीय रूप में दिए गए जनादेश के साथ विश्वासघात का गंभीर मामला सामने आया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अमीन मेमन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बिहारी शोरी ने सत्ता का लाभ लेने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश कर केशकाल की जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाई है। मेमन ने कहा कि केशकाल की जनता ने कांग्रेस और भाजपा दोनों राष्ट्रीय दलों को दरकिनार करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में बिहारी शोरी को अध्यक्ष पद पर आसीन किया था। यह जनादेश स्थानीय नेतृत्व और स्वतंत्र कार्यशैली पर विश्वास का प्रतीक था, किंतु अब भाजपा में उनका प्रवेश इस विश्वास के साथ सीधा धोखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान ही निर्दलीय खेमे के दो पार्षदों एवं अध्यक्ष की भाजपा के साथ सांठगांठ स्पष्ट रूप से सामने आ चुकी थी, जब उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। अब औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होना उसी प्रक्रिया का अगला चरण है।
मेमन ने कहा कि एक ओर जहां उनका एक वर्ष का कार्यकाल निराशा और हताशा से भरा रहा, वहीं दूसरी ओर सत्ता के मोह में लिया गया यह निर्णय जनभावनाओं के विपरीत है। उन्होंने स्मरण कराते हुए कहा कि बस स्टैंड में आयोजित सभा के दौरान उन्होंने ‘शेर और बंदर’ की जो कहानी सुनाई थी, वह आज चरितार्थ होती प्रतीत हो रही है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भविष्य में नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं पार्षदों का चयन करते समय अत्यंत सावधानी और समझदारी से निर्णय लें, क्योंकि चुने गए प्रतिनिधि पांच वर्षों तक जनता की आवश्यकताओं और समस्याओं से सीधे जुड़े रहते हैं।
मेमन ने विशेष रूप से युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा प्रलोभन में आकर लिए गए निर्णयों के परिणाम अब सामने हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति वास्तव में काम करने की नीयत रखता है, वह कभी भी वोट पाने के लिए लालच का सहारा नहीं लेता, बल्कि अपने कार्यों से जनता का विश्वास अर्जित करता है। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित और विकास के मुद्दों पर सदैव प्रतिबद्ध रही है और आगे भी केशकाल की जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।


