जुनैद पारेख की रिपोर्ट जिला कोंडागांव

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

कोण्डागांव, 12 जून 2026 प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, कोंडागांव में परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं ऑपरेटरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योजना के अंतर्गत पंजीयन, सत्यापन, भुगतान प्रक्रिया एवं ऑनलाइन पोर्टल के संचालन संबंधी जानकारी प्रदान करना था, ताकि पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, किस्तों के भुगतान की प्रक्रिया एवं पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, सुपरवाइजर एवं ऑपरेटरों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण में रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग प्रणाली, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा विभिन्न व्यावहारिक उदाहरणों (केस स्टडी) के माध्यम से आने वाली समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण का मुख्य उदेश्य है पोर्टल की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझना, जिसमें बायोमेट्रिक सत्यापन, जांच प्रक्रिया, समस्या समाधान शामिल है। समय सीमा और पात्रता शर्तों का सही पालन सुनिश्चित करना ताकि किस्त का भुगतान समय पर हो सके, जिला स्तर से सभी संबंधित कर्मचारियों तक एक जैसी और मानकीकृत ट्रेनिंग पहुंचना एवं मजदूरी में होने वाले नुकसान की आंशिक भरपाई करना ताकि महिला पहले बच्चे के जन्म से पहले और बाद में पर्याप्त आराम कर सके, गर्भवती एवं स्तनपान एवं कराने वाली माताओं में स्वास्थ्य संबंधी अच्छे व्यवहार को बढ़ावा देना। दुसरी संतान यदि बालिका हो तो अतिरिक्त आर्थिक सहायता देकर बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना। प्रतिभागियों को पोर्टल संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया एवं प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु महत्वपूर्ण बताया गया। अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रशिक्षण से जिले में योजना के कार्यान्वयन में और अधिक गुणवत्ता एवं पारदर्शिता आएगी तथा अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिल सकेगा।


